लोस चुनावों बाद भाजपा हो जाएगी ‘बेरोजगार’ : बांठिया / युकां महासचिव ने कहा कांग्रेस जीती तो आवाज होगी बुलन्द
Posted -on 05 May 2009 by Vinay N. Joshi
बीकानेर, 5 मई। लोकसभा के इस चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के पास कोई मुद्दा नहीं है। दिमागी रुप से बीमारु हो चुके ‘फूल वाले’ राजस्थान के यशस्वी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का कार्टून बनाकर अपने दिवालिएपन का संकेत दे रहे थे। वहीं कांग्रेस विधानसभा चुनाव में विजय प्राप्त कर लोकसभा चुनावों में नि:सन्देह ‘लक्ष्य-25′ को अर्जित करने की दिशा में पूरे जोशो-खरोश के साथ अग्रसर है। युवक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव व लोकसभा चुनावों के अजमेर और उदयपुर संसदीय क्षेत्र के प्रभारी दिलीप बांठिया ने बीकानेर में पत्रकारों से कहा कि प्रदेश ही नहीं बीकानेर संभाग की तीनों सीटें आसानी से ‘हाथ’ के साथ होंगी क्योंकि राजस्थान के आम मतदाता ने पूर्ववर्ती भारतीय जनता पार्टी सरकार को 5 माह पूर्व जिस प्रकार धूल चटाकर आइना दिखाया, लोकसभा चुनावों में भी परिणाम उसीनुरुप रहेंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि 36 कौमों को साथ लेकर चलने वाली कांग्रेस पार्टी के लिए अल्पसंख्यकों के मतों का विभाजन भी किसी सूरत में नहीं होगा और तो और पार्टी के स्वच्छ छवि के प्रत्याशियों के सामने विरोध और किसी न किसी रुप में विवादित रहने वाले भाजपा प्रत्याशी कहीं नहीं टिकेंगे। युकां महासचिव बांठिया ने यह भी कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की प्रदेश के प्रति बेहतर सोच, कुशल प्रबन्धन ने साबित कर दिखाया है कि सही मायने में विकास की गति वे ही दे सकते हैं। ऐसे में केन्द्र में कांग्रेसनीत यूपीए सरकार के पुन: गठन से प्रदेश तीव्र गति से हर क्षेत्र में मजबूत और शानदार परिणामों के साथ विकास की ओर अग्रसर होगा। बांठिया ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी राजस्थान के लोगों के लिए केवल एक दुखद मजाक के रुप में याद रखने लायक कहानी हो गई है। धन, बल के आधार पर राजनीति में ओछी हरकतें करने वालों को चुनिन्दा विधायकों द्वारा भी पहचान कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करना यही साबित करता है। उन्होंने अपनी ओर से जारी अपील में जनता से अधिकाधिक मतदान व कांग्रेस के ही पक्ष में वोटिंग की बात भी कही। इस मौके नगर विकास न्यास के पूर्व न्यासी व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश गहलोत ने कहा कि भाजपा समाज में जातिवाद व धर्म की भ्रान्तियां फैलाकर जहर घोलने का कार्य कर रही है, जबकि कांग्रेस का इतिहास त्याग, बलिदान व धर्म निरपेक्षता का रहा है। कांग्रेस का काम सबको साथ लेकर चलने व विकास कराना है। गहलोत ने कहा कि लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की लहर चल रही है। भाजपा ने अफवाह फैलाकर लड़ाने का कार्य किया है, जबकि राजस्थान में जाति व धर्म से राजनीति नहीं की जा सकती।
Tags | अशोक गहलोत, कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी, मुख्यमंत्री, युवक कांग्रेस, लक्ष्य-25



