Posted on 03 February 2010 by Vinay N. Joshi
बीकानेर, 3 फरवरी। स्थानीय वेटरनरी कॉलेज के तत्वावधान में एक विशाल ‘डॉग शो’ का आयोजन 13 फरवरी, शनिवार को किया जाएगा। वेटरनरी कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. ए. के. गहलोत ने बताया कि डॉग शो में सभी नस्लों के श्वानों की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिसमें ब्रीड कम्पीटिशन, ओबिडिएंस ट्रेनिंग एवं फैंसी ड्रेस प्रमुख है। डॉ. गहलोत ने इस बाबत् एक बैठक आयोजित कर डॉग शो के बारे में आयोजन सम्बन्धित विस्तृत चर्चा की। मीटिंग में डॉ. आर. के. तंवर को चैयरमेन, डॉ. टी. के. गहलोत को को-चैयरमेन तथा डॉ. अनिल आहूजा को आयोजन सचिव का कार्यभार दिया गया।

Report By Journalist Rajeev Joshi
इनके अलावा विभिन्न समितियों में कॉलेज शिक्षकों एवं पीजी तथा यूजी विद्यार्थियों द्वारा भी योगदान दिया जाएगा। महाविद्यालय के विद्यार्थियों में डॉग शो के प्रति खासा उत्साह है, क्योंकि उन्हें एक ही स्थान पर अनेक नस्लों के श्वान देखने को मिलेंगे। इस बार के डॉग शो में श्वान एवं पशुपालकों की जानकारी हेतू विस्तृत प्रदर्शनी के भी मुख्य आकर्षण के रुप में रहने की संभावना है। प्रदर्शनी में आमजन को जानकारी देने हेतू एवं उनकी जिज्ञासाओं को शांत करने हेतू शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के विशेष दल भी गठित किए गए जा रहे हैं। शो में ‘श्वान ज्ञान’ उजागर करने हेतू क्विज भी आयोजित होगी जिसमें विजेताओं को उसी समय पुरस्कृत किया जाएगा। इस शो में कॉलेज में अवस्थित ‘केनाईन’ वेलफेयर सोसायटी के सदस्यगण भी भागीदारी निभाएंगे। श्वानों की स्वामी भक्ति, पारिवारिक मित्र के रुप में भूमिका एवं सुरक्षा की दृष्टि से बढ़ती उपयोगिता को देखते हुए इस बार महाविद्यालय इस शो को श्वान पालकों, बच्चों एवं परिवारजनों के लिए अधिक आकर्षक ढंग से आयोजित करेगा। डॉग शो प्रात: 11 बजे वेटरनरी महाविद्यालय के परिसर के झण्डारोहण प्रांगण में आयोजित होगा। इस वर्ष के डॉग शो में 3 माह से 9 माह की उम्र के ‘पप्स’ भी प्रतियोगिता में शामिल किए जाएंगे। इस अवसर पर एक तकनीकी प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा जिसमें श्वानों के अतिरिक्त अन्य पशुओं के रखरखाव, टीकाकरण, स्वास्थ्य तथा चिकित्सा सम्बन्धित विषयों पर प्रकाश डाला जाएगा। श्वानों से सम्बन्धित विभिन्न उत्पादों तथा दवा कम्पनियों वाले भी प्रदर्शनी में अपनी-अपनी स्टॉलें लगाएंगे। इस डॉग शो में विभिन्न नस्लों के डॉग ब्रीडर्स को भी आमंत्रित किया गया है, जो उत्तम नस्लों के ‘पप्स’ दिखाएंगे तथा उनके रखरखाव के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी देंगे। इस डॉग शो में विभिन्न प्रतियोगिताओं के निर्णय के लिए एक उच्च स्तरीय यूरी का भी गठन किया गया है। डॉ. गहलोत ने बताया कि बीकानेर में लोगों का श्वानों के प्रति बढ़ते रुझान को देखते हुए इस वर्ष डॉगशो में प्रतिभागी श्वानों की संख्या अधिक होने की संभावना है।
Tags | Bikaner Hindi News, Bikaner News, Dog Show, Dr T K Gehlot, Dr. A K Gehlot, Journalist Rajeev Joshi, Veternary College