लालू को दिया भूतड़ा ने ज्ञापन
Posted -on 13 December 2007 by Vinay N. Joshi
बीकानेर, 13 दिसम्बर। केन्द्रीय रेलमंत्री लालू यादव के राजस्थान दौरे में झून्झूनू जिले के ढाटबाड़ी गांव में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस सेवादल के अतिरिक्त मुख्य संगठक हूलास भूतड़ा ने उनका स्वागत-अभिनन्दन कर शिष्टाचार भेंट की। इस मौके पर उन्होंने बीकानेर जिले से सम्बन्धित अनेक समस्याएं भी लालू को बताते हुए कई ट्रेनों को नियमित-प्रतिदिन चलाने सहित कुछ नई ट्रेनों की मांग की। भूतड़ा ने सैल्यूलर पर बताया कि उन्होंने बीकानेर से त्रिवेन्द्रम व बीकानेर से मद्रास तक सीधी रेल सेवा सहित बीकानेर से सम्पर्क क्रांति जो हफ्ते में तीन दिन चलती है को तथा बीकानेर-गुवाहाटी को निरन्तर चलाने की मांग रखी। बीकानेर जिले के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हनुमानगढ़ से सादुलपुर तक बड़ी लाईन की भी बात की। इस मौके पर उनके साथ सांसद डॉ. कर्णसिंह यादव सहित हरियाणा के काबिना मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव, राजेन्द्र यादव, अमर सिंह यादव, गजेन्द्र गौड़ भी मौजूद थे। भूतड़ा के मुताबिक रेलमंत्री ने रेलवे के जीएम अशोक गुप्ता से भूतड़ा के ज्ञापन पर आवश्यक कार्यवाही एवं प्रपोजल भेजने पर बातचीत भी की।



