सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश
Posted -on 11 March 2008 by Vinay N. Joshi
बीकानेर, 11 मार्च। जिले की छतरगढ़ तहसील के लूणखां ग्राम पंचायत के सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव मंगलवार को पेश किया गया। जिनमें 11 वार्डपंचों में 10 जने शामिल थे। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एम. एल. खींची ने अविश्वास प्रस्ताव के साथ पेश हुए वार्डपंचों की शिनाख्त परेड भी की। वार्डपंचों में पैमाराम, भीयांराम, शेराराम, ओमाराम, सुमेरसिंह, उगमकंवर, सिरदारी, भंवरी, रसीदा व तजीमा के साथ वरिष्ठ ग्रामीणजनों में हाकम खां, गुल मोहम्मद, सादुलसिंह किशनपुरा, राजू चौधरी, हुसैन खां, भंवराराम नायक व टीकूराम शामिल थे जिन्होंन सीईओ खींची को बताया कि ग्राम पंचायत लूणखां के सरपंच किशनाराम मेघवाल द्वारा गुटीय पक्षपात, विकास व राहत कार्यों की ओर ध्यान न देना, साधारण ग्रामवासियों की उपेक्षा, पंचायत बैठकों में पूछने पर भी आय-व्यय का हिसाब नहीं बताना, आम नागरिकों के हितों के प्रति लापरवाही बरतना तथा इंतकाल दर्ज करने के लिए रुपयों की मांग व अनुदान की राशि का सही रुप से खर्च नहीं करने जैसे आरोप लगाए। अविश्वास प्रस्ताव के साथ सभी ने सामूहिक रुप से सरपंच के विरुध्द नियमानुसार कार्यवाही की मांग भी की।



