सीएम के दखल के बाद भाटी ने अनशन तोड़ा
Posted -on 01 May 2008 by Vinay N. Joshi
बीकानेर : पानी के लिए दो दिन से अपने समर्थकों के साथ बीकानेर कलैक्ट्रेट के सामने अनशन पर बैठे पूर्व सिंचाई मंत्री व श्रीकोलायत विधायक देवीसिंह भाटी ने गुरुवार रात्रि साढे नौ बजे राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे द्वारा आश्वासन के बाद अनशन तोड़ने की घोषणा कर दी। तत्पश्चात् रात्रि सवा दस बजे पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाटी ने बताया कि उनकी मुख्यमंत्री श्रीमती राजे समेत सिंचाई विभाग के प्रमुख शासन सचिव एस. एन. थानवी से बातचीत हुई। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया है कि उनकी पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से वार्ता हुई है। इस सम्बन्ध में पेयजल समस्या का समाधान शीघ्र निकाल दिया जाएगा। भाटी ने बताया कि पेयजल की समस्या पर अतिरिक्त पानी देने की बात भी बादल से हो गई है। उन्होंने बताया कि आज तक 2500 क्यूसेक पानी मिलता था, शुक्रवार से 4500 क्यूसेक पानी मिलेगा। उन्होंने कहा कि एकबारगी तो पेयजल संकट से तो मुक्ति मिल ही जाएगी। इसके लिए सीएम ने समय पर बात कर ली। उन्होंने यह भी बताया कि 1200 क्यूसेक पानी लिंक चैनल से भी मिलने की बात चल रही है। इस मौके पर पार्षद विश्वजीत सिंह हरासर, रामकिशन आचार्य व सुनील बांठिया भी मौजूद थे।



