परिषद द्वारा पेश बजट में त्रुटियों का भण्ड
Posted -on 20 May 2008 by Vinay N. Joshi
बीकानेर, 20 मई। नगर परिषद में प्रतिपक्ष के नेता भानू कुमार व्यास ने कहा कि परिषद में वर्तमान कांग्रेस बोर्ड द्वारा प्रस्तुत बजट महज आंकड़ों का मायाजाल व सम्पूर्ण बजट त्रुटियों का भण्डार है जिसको किसी भी स्तर पर स्वीकार करना नगर की जनता के साथ धोखा होगा। साधारण सभा में नगर की मुलभूत समस्याओं को जानबूझकर चर्चा नहीं करवाने का मूड बना चुका वर्तमान बोर्ड शहर के विकास में भेदभाव बरत कर चर्चा नहीं करना चाह रहा है व जनसमस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। व्यास ने मंगलवार को यहां एक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि कांग्रेस बोर्ड वर्ष 2008-09 के घाटे व त्रुटिपूर्ण बजट को किसी भी तरह पास करवाने में लगी हुई है जो शहर के लिए न्यायोचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिषद के वर्तमान बोर्ड द्वारा परिषद को करोड़ों रुपयों का नुकसान पहुंचाया गया है। बजट की खामियां भी उन्होंने बताते हुए कहा कि गत वित्तीय वर्ष 2007-08 में बोर्ड द्वारा रखे गए बजट में आय 3761.18 अनुमानित रखी गई थी जिसे वर्ष 08-09 में प्रस्तावित बजट में 4605.11 लाख की आय दर्शाई गई है, यह आय किन मदों से होगी नहीं दर्शाई गई है। व्यास ने बताया कि बजट तैयार करने तक वास्तविक आय 2554.25 लाख ही हुई थी। यह 08-09 में 4605.11 लाख की आय किस आधार पर होगी। ऐसा प्रतीत होता है कि बजट तैयार करते समय बजट नियमावली, बजट मैन्यूअल की पूर्ण पालना न करते हुए मात्र आधारहीन आंकड़े प्रस्तुत किए गए हैं। प्रतिपक्ष के नेता के अनुसार गत वित्तीय वर्ष का शेष व प्रारम्भिक बैलेंस भी प्रस्तावित बजट में सही नहीं है। बजट के पेज संख्या 2 के अनुसार वर्ष 07-08 के वास्तविक आय राशि रुपए 2554.25 प्लस प्रारम्भिक शेष 365.65 लाख कुल 07-08 की आय राशि 2919.90 लाख है और इसी पृष्ठ में व्यय राशि वास्तविक व्यय 2281.74 है तो अंतिम शेष राशि रुपए 638.16 लाख होनी चाहिए। जबकि प्रस्तावित बजट में 758.91 लाख बिना किसी आधार के दर्शाई गई है। उन्होंने बताया कि शहर भाजपा के विकास के लिए सदैव तत्पर रही है व भाजपा विकास की सोच वाली पार्टी है, परन्तु वर्तमान कांग्रेस बोर्ड द्वारा शहर के विकास में भेदभाव बरतकर झूठे व गलत आंकड़े सभापति द्वारा बजट में प्रस्तुत किए गए हैं जो स्वीकार्य नहीं है क्योंकि झूठे आंकड़ों के बजट को पास करवाना शहरवासियों के साथ धोखा होगा।



