केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम बोले ; रेडियो कनेक्टिविटी को देश में मिली नई उड़ान – Chhotikashi.com

केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम बोले ; रेडियो कनेक्टिविटी को देश में मिली नई उड़ान

    बीकानेर, 28 अप्रैल (सीके मीडिया)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आकाशवाणी के 91 एफएम ट्रांसमीटर्स का शुभारम्भ किया। संसदीय क्षेत्र बीकानेर के सीमावर्ती इलाके खाजूवाला में भी 100 वाट के एफ.एम. ट्रांसमीटर्स का उद्घाटन हुआ है। मौके पर मौजूद रहे केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि रेडियो कनेक्टिविटी को देश में नई उड़ान मिली है, साथ ही साथ संचार क्षेत्र मेें बड़ी क्रांति है। एफएम जनता तक पहुंचने का एक महत्वपूर्ण साधन है। देश के कोने-कोने में रेडियो कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के प्रयास के तहत शुरु किए इस स्टेशन के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पहले संचार के साधन पूरे नहीं थे। आजादी के अमृत महोत्सव में पहले वर्ष में बहुत बड़ी सौगात है। संचार के साधनों में अब नया आयाम जुड़ा है। अब क्षेत्र के लोगों को न केवल भारत सरकार की हर योजना की जानकारी आसानी से प्राप्त हो सकेगी बल्कि मनोरंजन के साधन भी मिलेंगे। केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने बताया कि पूरे देश के 81 जिलों में 91 एफएम स्टेशन स्थापित हुए है। किसानों को भी नई क्रांति जिनमें योजनाओं के माध्यम से क्या साधन आ रहे हैं किसान वर्ग को आसानी से पता चल सकेगा। साथ ही साथ 15 किलोमीटर दूर रहने वाले लोग एंड्रायड फोन पर सुनने के लिए एप्प डाउनलोड करके लाभ ले सकते हैं। मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल बोले कि राज्य सरकार द्वारा घोषित किए गए नए जिलों से पहले एरिया तय करना चाहिए था। उन्होंने दावा किया कि इस सम्बन्ध में उनकी गंगानगर कलेक्टर, बीकानेर कलेक्टर से भी बात हुई है उन्हें अभी तक इस बारे में जानकारी ही नहीं है। जबकि हकीकत यह है कि अभी तक जिला बनाने की बात सिर्फ 5-6 जिलों का ही तय हुआ है। बाकी जनता को अधरझूल में भ्रम की स्थिति में छोड़ दिया गया है। जबकि जिला बनाने के लिए गठित की गयी कमेटी में रामलुभाया से भी उनकी बात हुई तो वे भी बोले कि वे तो बाहर थे। केंद्रीय मंत्री ने बार-बार यही बात दोहरायी कि चुनावी लाभ लेने के लिए सरकार ने शगूफा छोड़ा है। रावला-घड़साना रोड़ बनाने के सम्बन्ध में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि बीते 2-3 साल कोविड की वजह से दिक्कतें आ गयी लेकिन जल्द ही बनेगी और इसमें बड़ा विषय रेल का भी चल रहा है। कार्यक्रम अधिशाषी एवं कार्यक्रम प्रमुख अमित सिंह के अनुसार आकाशवाणी खाजूवाला का 100 वाट एफएम का आज शुभारम्भ हुआ है। देश में सौ वाट के 91 ट्रांसमीटर लोकार्पित हुए है। 13 ट्रांसमीटर राज्य तथा 6 बीकानेर संभाग में है। कुछ समय से ट्रायल पर चला रहे थे लेकिन अब निर्बाध रुप से सेवा में ले लिया गया है। अब सुबह से लेकर शाम तक भक्ति संगीत, बच्चों के  लिए, सैनिकों के लिए, महिलाओं के लिए प्रोग्राम समय-समय पर निर्बाध रुप से चलेंगे।


Join Whatsapp 26