पंद्रह दिन तक पर्यावरण जन चेतना यात्रा में लगाएंगे दो लाख पौधे : टेकचंद बरडिय़ा – Chhotikashi.com

पंद्रह दिन तक पर्यावरण जन चेतना यात्रा में लगाएंगे दो लाख पौधे : टेकचंद बरडिय़ा

बीकानेर। अमृता देवी पर्यावरण नागरिक संस्थान (अपना संस्थान) एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधि द्वारा जिला मुख्यालय के साथ खाजूवाला, श्रीडूंगरगढ़, नोखा के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में 13 से 27 अगस्त तक पर्यावरण जन चेतना यात्रा निकाली जाएगी। यह जानकारी बुधवार बाद दोपहर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बीकानेर विभाग के संघचालक टेकचंद बरडिय़ा ने रानीबाजार स्थित शकुंतला भवन में पत्रकार सम्मेलन में दी। इस अवसर पर सदस्य कुंजीलाल, संयोजक भुवनेश यादव, सुरेंद्र राठी, सुरेश कुमार सोलंकी, घनश्याम व्यास भी मौजूद थे। बरडिय़ा ने बताया कि समाज में पर्यावरण के प्रति जागरुकता जरुरी है। पर्यावरण संरक्षण के भाव को जन-जन में पुन: जगाना वर्तमान समय की महत्ती आवश्यकता है। पौधारोपण, जल संरक्षण तथा प्लास्टिक मुक्त जीवन शैली अपनाकर ही हम पर्यावरण असंतुलन को कम कर सकते हैं। इस दृष्टि से विविध सामाजिक संस्थाओं, संगठनों द्वारा जनजागरण के लिए पर्यावरण जन चेतना यात्रा का आयोजन किया जा रहा है जिसमें सर्वसमाज की सक्रिय सहभागिता अपेक्षित की गयी है। यात्रा का उद्देश्य यही है कि अनुपयोगी पड़ी भूमि पर अधिकाधिक वृक्षारोपण करना चाहिए। घर में कम से कम पांच पौधे अवश्य लगाने चाहिए, पॉलिथीन का बहिष्कार, जल को बचाना, वन्य जीवों को विलुप्त होने से बचाएं, कम करें ऊर्जा की खपत प्रमुख है। उन्होंने यह भी बताया कि यात्रा में पौधारोपण, चलचित्र दृश्य दिखाना प्रमुख है साथ ही साथ गांव, नगर-बस्ती की भजन मंडलियों का सहयोग भी जरुरी है। इसी यात्रा में दो लाख पेड़ लगाए जाएंगे। यात्रा में रथ चलेगा उसके साथ-साथ वाहन में 20 मशीनें भी साथ रहेंगी जो हाथों-हाथ प्लांटेशन में सहयोग करेंगी। इस अवसर पर बरडिय़ा के साथ प्रेस-कांफ्रेंस में मौजूद अतिथियों ने पेम्पलेट का विमोचन भी किया।


Join Whatsapp 26