राष्ट्रपति मुर्मु ने बाबा श्रीमहाकाल के दर्शन कर जलाभिषेक, पूजन–आरती की – Chhotikashi.com

राष्ट्रपति मुर्मु ने बाबा श्रीमहाकाल के दर्शन कर जलाभिषेक, पूजन–आरती की

  डॉ दिनेश गुरुजी ने भेंट किया ब्रम्हकमल एवं रुद्राक्ष की माला, पुजारी आकाश गुरु ने कराया पूजन     राज्यपाल पटेल व सीएम डॉ यादव भी मौजूद रहे     उज्जैन। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को अपने उज्जैन प्रवास के दौरान श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीमहाकालेश्वरजी के दर्शन किये। उन्होंने भगवान श्री महाकालेश्वर का जल एवं पंचामृत से अभिषेक कर विधिवत पूजन, अर्चन एवं आरती की। विधिवत पूजन पं.आकाश पुजारी द्वारा करवाया गया। राष्ट्रपति ने देश एवं प्रदेश की उन्नति, प्रजा के कल्याण और विश्व-शान्ति के लिये भगवान श्रीमहाकाल से प्रार्थना की। श्रीमती मुर्मु ने नन्दी मंडपम में श्री नंदिकेश्वर भगवान का पूजन किया व बाबा श्री महाकालेश्वर का ध्यान भी किया। इस अवसर पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव उपस्थित थे। पूजन के पश्चात राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु का मुख्यमंत्री डॉ.यादव द्वारा श्री महाकालेश्वर मन्दिर प्रबंध समिति की ओर से अंगवस्त्र, प्रसाद एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। वहींं मंदिर के पुजारी डॉ दिनेश गुरुजी द्वारा राष्ट्रपति को ब्रम्हकमल एवं रुद्राक्ष की माला भेंट कर सत्कार किया गया। इस दौरान कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, प्रशासक गणेश कुमार धाकड़ आदि उपस्थित थे। सहायक पुजारी शैलेंद्र शर्मा, श्रीराम पुजारी, अभिषेक शर्मा (बाला गुरु), अजय पुजारी भी उपस्थित थे। दर्शन के पश्चात मन्दिर के कोटितीर्थ कुंड परिसर में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अन्तर्गत राष्ट्रपति महोदया द्वारा श्रमदान किया गया। इसके पश्चात शिखर दर्शन कर कोटि तीर्थ पर राष्ट्रपति का फोटो सेशन हुवा।


Join Whatsapp 26