बीकानेर। भगवान श्रीराम जन्मोत्सव पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर की भव्य रामलीला का मंचन बीकानेर संभाग मुख्यालय के राजकीय डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में 4 से 6 अप्रैल तक किया जाएगा। इस भव्य कार्यक्रम का मंचन सर्वधर्म संसद के राष्ट्रीय संयोजक एवं भृगु पीठाधीश्वर गोस्वामी सुशील महाराज के सानिध्य में श्रीराम जन्मोत्सव समिति द्वारा किया जाएगा।
पत्रकारों से बातचीत में गोस्वामी सुशील महाराज ने कहा कि भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर इस ऐतिहासिक और दिव्य आयोजन से संपूर्ण नगर भक्तिमय वातावरण में रंग जाएगा। समिति द्वारा किए जा रहे इस आयोजन से निश्चित ही हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं को बल मिलेगा। मंचन न केवल श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाएगा, बल्कि नई पीढ़ी को भी भारतीय संस्कृति और मूल्यों से जोडऩे में सहायक होगा।
समिति के अध्यक्ष दीपक गौड़ ने बताया कि लगभग 100 से अधिक कलाकारों द्वारा इस रामलीला का मंचन किया जाएगा। 325 फुट लम्बे व 80 फुट चौड़े बहुमंजिला विशाल रंगमंच पर प्रभु श्रीराम के जन्म से लेकर राज्याभिषेक तक के जीवन चरित्र का सजीव मंचन किया जाएगा। गौड़ ने यह भी बताया कि सुशील जी महाराज द्वारा निर्देशित इस भव्य श्रीरामलीला में लाइट्स, विजुअल, फीचर्स व सेटअप को इस तरह से व्यवस्थित किया गया है कि यह मंचन सिनेमा के पर्दे पर जैसे मंचित होती प्रतीत होती है। इस अवसर पर नारायण उपाध्याय, अलका पारीक, अशोक प्रजापत व धु्रव शर्मा भी मौजूद थे।
प्रजापत ने बताया कि जोधपुर में यह रामलीला बीते 24 वर्षों से आयोजित की जा रही है। बीकानेर से पहले इस रामलीला का मंचन राजस्थान सहित भारत के शहरों व विश्व के अलग-अलग देशों में किया जा चुका है।