बीकानेर। पंडित ग्वालदास, विमला देवी और भगवान दास व्यास की स्मृति में तुलसी वितरण अभियान शनिवार को भी जारी रहा। रत्ताणी व्यास बगीची में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक डॉ हरि शंकर आचार्य, रत्ताणी व्यास पंचायती ट्रस्ट के अध्यक्ष महेंद्र व्यास तथा समाजसेवी कमल कल्ला ने तुलसी के पौधों का वितरण किया। कार्यक्रम संयोजक उदय व्यास ने बताया कि इस वर्ष अब तक तुलसी के ग्यारह सौ पौधों का वितरण कर दिया गया है। अभियान का उद्देश्य घर-घर तुलसी पहुंचाना है। इस दौरान डॉ. आचार्य ने कहा कि तुलसी के पौधों का वितरण करना दिवंगत परिजनों को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने तुलसी के औषधीय और वैज्ञानिक गुणों के बारे में बताया। महेंद्र व्यास ने कहा कि शास्त्रों में तुलसी के महत्त्व का भरपूर बखान किया गया है। यह गुणों का भण्डार है। इसके दर्शन मात्र से लाभ मिलता है। उद्यमी कमल कल्ला ने कहा कि अनेक वैज्ञानिक तुलसी के गुणों पर लगातार रिसर्च कर रहे हैं। निस्वार्थ भाव से तुलसी के पौधों का वितरण करना अनुकरणीय है। इस दौरान स्थानीय लोग मौजूद रहे।