गुरुदेव साधु टीएल वासवानीजी की जयंती पर विश्वभर में मनाया ‘इंटरनेशनल मीटलेस डे’ – Chhotikashi.com

गुरुदेव साधु टीएल वासवानीजी की जयंती पर विश्वभर में मनाया ‘इंटरनेशनल मीटलेस डे’

                                                              दीदी कृष्णाकुमारीजी ने दिया संबोधन, प्रतियोगिताएँ, लंगर भी आयोजित         पुणे (डॉ संजय जोशी)। करुणा, शांति और शाकाहारी जीवनशैली के संदेश को समर्पित इंटरनेशनल मीटलेस डे इस वर्ष भी बड़े पैमाने पर वैश्विक स्तर पर मनाया गया। गुरुदेव साधु टीएल. वासवानीजी की 146वीं जयंती के अवसर पर दुनिया के अनेक देशों में आध्यात्मिक कार्यक्रम, रैलियाँ, रचनात्मक गतिविधियाँ, सेवा-कार्य और सरकारी पहल आयोजित की गईं। साधु वासवानी मिशन के ग्लोबल मुख्यालय पुणे से जन संपर्क अधिकारी नरेश सिंघानी के मुताबिक मुख्य उपलब्धियों के तहत 32,99,413 लोगों ने मीटलेस डे मनाने का संकल्प लिया तो 8,99,80,759 समर्थकों ने मीटलेस डे के उद्देश्य का समर्थन किया। वहीं 2647 व्यक्तियों ने जीवनभर शाकाहारी रहने का निर्णय लिया। भारत के विभिन्न हिस्सों में सैकड़ों स्लॉटरहाउस पूरे दिन बंद रहे। मिशन मुख्यालय, पुणे में आध्यात्मिक सत्र, विशेष सेवा-कार्य, और सामुदायिक लंगर आयोजित हुए। दिवस विशेष पर विश्वभर में विद्यालयों, केंद्रों और सामाजिक संस्थाओं ने रैलियाँ, प्रतियोगिताएँ, कार्यशालाएँ और संकल्प समारोह किए। मलेशिया के पेनांग में डॉ. केल्विन कोए ने जलवायु परिवर्तन और खान-पान की आदतों के संबंध पर प्रभावी वार्ता दी, जिससे अनेक शिक्षकों, युवाओं और सामाजिक नेताओं ने शाकाहारी जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। पश्चिम अफ्रीका, पनामा, अहमदाबाद और पुणे के कई रेस्टोरेंट्स और होटलों ने मीटलेस डे के समर्थन में या तो केवल शाकाहारी मेन्यू परोसा या पूरा दिन बंद रखा। कुछ प्रतिष्ठानों ने ग्राहकों को विशेष छूट भी प्रदान की। अभियान को प्रोत्साहित करने के लिए एक नया संगीत वीडियो भी जारी किया गया, जिसे ऑनलाइन दर्शकों का व्यापक समर्थन मिला। मिशन मुख्यालय, पुणे में आयोजित प्रमुख कार्यक्रम दिन की शुरुआत भजनों, प्रार्थना और ध्यान से हुई। इसके बाद विकलांग भाई-बहनों के लिए विशेष सेवा-कार्य आयोजित हुआ, जिसमें कृत्रिम अंगों का वितरण किया गया। विशिष्ट आध्यात्मिक वक्ता स्वामी मुकुंदानंद ने गुरुदेव साधु टीएल. वासवानीजी की शिक्षाओं और जीवन-दर्शन पर अपना प्रेरक संबोधन दिया। एक विशाल सामुदायिक लंगर में हजारों लोगों को भोजन कराया गया, जिसने एकता और सेवा की भावना को और सशक्त बनाया। शाम का सत्संग भजन कीर्तन से सुसज्जित रहा, देर रात तक चले कार्यक्रमों ने इस पावन दिवस का शांतिमय समापन किया।           अमेरिका ; फीस्ट फॉर पीस ने बढ़ाई शाकाहार की ओर रुचि...           नरेश सिंघानी ने बताया कि अमेरिका में आयोजित फीस्ट फॉर पीस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे माइकलिन-स्टार शेफ विकास खन्ना, जिन्होंने युवाओं व भोजन-प्रेमियों को शाकाहारी व्यंजन बनाना सिखाया तथा पौधों-आधारित जीवनशैली के स्वास्थ्य और पर्यावरणीय लाभ समझाए। इसी प्रकार के शाकाहारी कुकिंग वर्कशॉप्स सेंट थॉमस, डलास और जकार्ता में भी आयोजित हुए। भारत में बेंगलूरु व दिल्ली में युवा-समूहों ने भी इसी थीम पर विशेष भोजन-कार्यक्रम आयोजित किए। नरेश सिंघानी ने बताया कि भारत में शांति-रैलियों के तहत् पुणे, उल्हासनगर, बिलासपुर, इंदौर, अहमदाबाद सहित कई शहरों में विशाल रैलियाँ निकाली गई। साधु वासवानी इंटरनेशनल स्कूल, प्राधिकरण में करीब 3200 प्रतिभागियों की भव्य रैली का शुभारंभ मिशन की प्रमुख पूजनीय दीदी कृष्णाकुमारीजी ने किया व बच्चों को शाकाहार का संदेश जन-जन तक पहुँचाने की प्रेरणा दी।           प्रसिद्ध हस्तियों का समर्थन..     सेलिब्रिटी शेफ संजीव कपूर ने फूड फूड चैनल के इंस्टाग्राम पेज पर मीटलेस डे को विशेष रूप से प्रमोट किया। अमेरिका केंद्र ने पर्यावरण संरक्षण पर केंद्रित ग्रीन हैंड्स अभियान सफलतापूर्वक चलाया।         सरकारी पहलें से स्लॉटर हाउस रहे बंद..         उत्तर प्रदेश, भोपाल, कोंढवा-पुणे, लोनावाला, ग्रेटर बेंगलूरु, अहमदाबाद, इंदौर, वडोदरा, सहारनपुर सहित देश में कई क्षेत्रों में स्थानीय प्रशासन ने सभी स्लॉटर हाउस बंद रखने का निर्णय लिया।


Join Whatsapp 26