
सिद्धगुरु के पावन सान्निध्य में ‘शक्ति चेतना उत्सव’ चंडीगढ़ में सात दिसंबर को, सीएम सैनी ने स्वीकारा निमंत्रण
चंडीगढ़, डॉ संजय जोशी। ईश्वरीय सत्ता से विभूषित, देवलोक से इस धरा पर अवतरित एक दिव्य सिद्ध आत्मा; इस संसार की संपूर्ण सिद्धियां जिनके कर-कमलों में खेलती हैं; श्रीचरणों में शीश नवाती हैं; जो भाग्य पढ़ते ही नहीं, बदल भी सकते हैं; जो देह, प्राण और आत्मा के विलक्षण वैद्य हैं; जिनके देवस्वरूप को देखकर ऐसे लगता है कि भगवान के जीवन्त विग्रह के समक्ष बैठे हैं। ऐसे करुणामूर्ति, भक्त-वत्सल पूज्य सिद्धेश्वर गुरुदेवजी के चरण कमलों के स्पर्श से 6 वर्ष के दीर्घ अंतराल के बाद धन्य होगी चंडीगढ़ नगरी।
विश्वधर्म चेतना मंच, ब्रह्मर्षि आश्रम, तिरुपति (आंध्र प्रदेश) से परम सिद्धित, शिवस्वरूप, विलक्षण महायोगी, अद्भुत संत, कर्म-भक्ति-ज्ञानयोग त्रिवेणी, ब्रह्मांड कालचक्र के ज्ञाता, भूत-भविष्य-वर्तमान के उद्बोधक, सिद्धगुरु ब्रह्मर्षिश्री गुर्वानंद स्वामीजी महाराज 'गुरुजी' जीवमात्र को भौतिक विकारों की अग्नि से तप्त हृदयों को करुणार्द्र हृदय से उपजी कल्याणकारिणी अमृतवचनामृत गंगा से अभिसिंचित करने दिसंबर 2025 के दूसरे सप्ताह देवभूमि द्वार चंडीगढ़ पहुंचेंगे। सात दिसंबर 2025, रविवार को मुख्य शक्ति चेतना उत्सव कार्यक्रम चंडीगढ़ क्लब, सेक्टर 1 में आयोजित होगा। सत्य, प्रेम, दया, करुणा, अहिंसा, शांति, संयम, विनम्रता, सरलता, पवित्रता, सौम्यता, तपश्चर्या एवम् त्याग के मूर्तिमानपुंज गुरु भगवन् के मुखारविंद से निकली दिव्यामृतवाणी मन के समस्त उत्तापों को हरकर आत्मा के सच्चिदानंद स्रोत को खोल देती है। पूज्य सिद्धगुरु के अगणित गुण-पुष्यों से सुरभित जीवन दर्शन के विराट व्यक्तित्व का स्निग्ध सान्निध्य पाकर अशांत एवं क्लांत मानव परम शांति व आनन्द पाता है। इसी सिलसिले में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को कार्यक्रम का निमंत्रण देने विश्वधर्म चेतना मंच, ब्रह्मर्षि आश्रम, तिरुपति के राष्ट्रीय संयोजक भूपेंद्र जैन, चंडीगढ़ केंद्र के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता, गुरुभक्त भूपेंद्र शर्मा, अतुल कपूर, अजय नागपाल, संजय बिश्नोई, प्रवीण गुप्ता, भाग सिंह, सुंदर लाल अग्रवाल एवं विनय जैन मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचे। इस दौरान सीएम सैनी से हुई गरिमामय भेंट के बाद प्रसन्न हृदय से मुख्यमंत्री ने आयोजन का निमंत्रण स्वीकार किया।
