कलिकाल में विश्वशांति राममय होने से ही सम्भव : उत्तमस्वामीजी – Chhotikashi.com

कलिकाल में विश्वशांति राममय होने से ही सम्भव : उत्तमस्वामीजी

          भव्य कलश यात्रा के साथ प्रतापगढ़ में श्री उत्तमस्वामीजी के मुखारविंद से श्रीरामकथा शुरु     पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी लिया स्वामीजी से आशीर्वाद     प्रतापगढ़। आज के कलिकाल में यदि पूरा विश्व राममय हो तो विश्व में शान्ति सम्भव है। हमें घर–घर में राम का पूजन करना चाहिए, जिससे सब में राम जैसे संस्कार आ सके। राम के चित्र को ध्यान में, और राम के आदर्शों को चरित्र में उतताना ही रामकथा का सार है, ये ही रामचरित मानस है। ये अमृत वचन शनिवार को ध्यानयोगी महर्षिश्री उत्तमस्वामी जी ने व्यक्त किए। कथा के प्रारम्भ में स्वामीजी ने इंडियापति हनुमानजी मन्दिर का नाम अँग्रेजी से बदल कर भारतपति हनुमानजी मन्दिर नामकरण किया। नगर में कृषिमंडी के पीछे श्री इंडियापति हनुमानजी परिसर में अनंतश्री विभूषित ईश्वरानंद ब्रह्मचारी उत्तमस्वामीजी महाराज के मुखारविंद से श्रीराम कथा का आयोजन प्रारम्भ हुआ जो 21 मई 2023 तक चलेगा। आज पहले दिन कथा आरंभ अवसर पर राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया सहित अनेक गणमान्यजनों ने भी प्रतापगढ़ में स्वामीजी से आशीर्वाद प्राप्त किया। कथा में सनातन धर्म के सर्व समाज की उत्साहपूर्ण भागीदारी बनी हुई है। श्रीरामकुंड से प्रातःकाल भव्य शोभायात्रा, मातृशक्ति द्वारा कलश यात्रा का प्रारम्भ हुआ। शोभायात्रा सूरजपोल, सदर बाजार, लुहारगली, देवगढ़ दरवाजा, होकर कृषि मंडी के पीछे कथा स्थल इंडियापति हनुमानजी मंदिर, खाटूश्यामजी मंदिर पहुंची, जहाँ ध्यानयोगी महर्षि उत्तम स्वामीजी द्वारा श्रीराम कथा का शुभारंभ किया गया। शोभायात्रा का पूरे नगर में हर चौराहे पर भक्त जनों ने पुष्प वर्षा करते हुए, पूजन किया। शीतल पेय, जल, छाछ आदि के साथ स्वागत किया गया। श्री महालक्ष्मी नारायण यज्ञ का आयोजन पं. दिव्य भारत पंड्या ने प्रारम्भ करवाया, जो प्रतिदिन प्रातः काल 7 बजे से 9 बजे तक होगा। इसके पश्चात प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक कथा होगी। प्रतिदिन आरती के बाद प्रसादी की भी व्यवस्था की गई है। कथा और यज्ञ की पूर्णाहुति 21 मई को होगी । कथा के दौरान श्री हनुमान चालीसा के 11 लाख पाठ होंगे। कथा में मुख्य यजमान मुकेश भावसार परिवार पोथी के साथ शोभायात्रा में चले। शोभायात्रा में गेबीनाथ मठ कुक्षी के राम बाबा, पंच अग्नि अखाड़ा के सचिव नीलेश चेतन महाराज, सूखानन्द महाराज का नगर में स्वागत किया गया। भोजन प्रसादी के यजमान विमल, कमल, गोविन्द गर्ग, रा. स्व. सेवक संघ के छत्तीसगढ़ प्रभारी विश्वजीत सिंह, कुलदीप जैन मुम्बई, पल्लव राय सीकर, अंशुल वैरागी, कपिल जैन मंदसोर, सनातन धर्म समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश ओझा, मन्दिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्याम सुन्दर सोनी आदि ने गुरूदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया। पोथी पूजन के यजमान राधा किशन पालीवाल ने पोथी पूजन किया। कार्यक्रम का संचालन सिद्धेश्वर जोशी ने किया।


Join Whatsapp 26